मेदिनीनगर (पलामू): सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने रविवार देर रात सदर अस्पताल के सामने स्थित रीमा सेवा सदन का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर कमियां पाई गई. इसके बाद एसडीओ ने देर रात रीमा सेवा सदन के पूरे परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. एसडीओ संजय पांडेय ने बताया कि रीमा सेवा सदन के संबंध में कई तरह की शिकायतें मिल रही थी. इसके बाद सिविल सर्जन की उपस्थिति में रविवार रात औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान रेंट एग्रीमेंट उपलब्ध नहीं पाया गया. वहीं, निरीक्षण के समय परिसर में कोई चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित नहीं थे.
नहीं मिले रजिस्टर और जरूरी दस्तावेज
निरीक्षण के दौरान ओटी रजिस्टर, इंडोर रजिस्टर और डिस्चार्ज रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाया गया. संबंधित चिकित्सकों के कंसेंट और एग्रीमेंट लेटर भी नहीं मिले. बायोमेडिकल वेस्ट के समुचित निस्तारण और व्यवस्था से संबंधित प्रबंध भी संतोषजनक नहीं पाया गया.
ये भी पढ़ें- अफसरों ने विधायक का पत्र टाला तो होगी कार्रवाई ! राधाकृष्ण किशोर ने सुझाया नया नियम, विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
फायर सेफ्टी और ओटी की व्यवस्था में भी कमी
एसडीओ के अनुसार, रीमा सेवा सदन में फायर सेफ्टी से संबंधित आवश्यक उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी. ओटी रूम सहित पूरे परिसर में गंदगी पाई गई. ओटी रूम में एनेस्थीसिया के लिए आवश्यक व्यवस्था भी नहीं मिली. निरीक्षण के दौरान ओटी टेबल अत्यंत गंदा, क्षतिग्रस्त और फटा हुआ पाया गया. एसडीओ ने इसे संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर स्थिति बताया. किसी भी तरह की इमरजेंसी मेडिकल सिचुएशन से निपटने के लिए आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा उपकरण और दवाएं भी उपलब्ध नहीं पाई गई.
बिना वैध लाइसेंस चल रही थी दवा दुकान
रीमा सेवा सदन परिसर में संचालित दवा दुकान का भी निरीक्षण किया गया. एसडीओ के अनुसार, दवा दुकान के पास वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था. एसडीओ ने कहा कि निरीक्षण में सामने आई कमियों से स्पष्ट है कि रीमा सेवा सदन में मरीजों को सुरक्षित और मानक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मूलभूत व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. मरीजों की जीवनरक्षा और स्वास्थ्य की दृष्टि से इसे अत्यंत गंभीर स्थिति माना गया.
ये भी पढ़ें- हाथियों के इलाज और रेस्क्यू के लिए Bokaro में बनेगा विशेष केंद्र, इन जिलों में भी तैयारी
दो महिला मरीजों को सदर अस्पताल भेजा गया
रीमा सेवा सदन को सील करने के दौरान परिसर में दो महिला मरीज भर्ती मिली. दोनों मरीजों को सुरक्षित रूप से स्थानीय सदर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया. इसके बाद रीमा सेवा सदन के संपूर्ण परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया.
