पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार की रात्रि एक महिला ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा दी. घटना में दोनों बच्चियों की डूबने से मौत हो गयी. जबकि पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना बुधवार रात्रि करीब नौ से 10 बजे की है. पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार छोटे लाल प्रजापति का पत्नी सरिता देवी के साथ विवाद हुआ था. इसके बाद सरिता देवी ने कमरे में सो रही अपनी दो बेटियों प्रिया कुमारी (4 वर्ष व 6 माह) और डॉली कुमारी (2 वर्ष) को घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया. इसके बाद वह सबसे बड़ी बेटी को लेने कमरे में गयी. बड़ी बेटी के शोर मचाने पर वह उसे छोड़कर आयी और खुद 12 फीट गहरे कुएं में कूद गयी. ग्रामीणों ने सरिता देवी को जीवित बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गयी.\
बेटियां होने पर प्रताड़ना का आरोप : \ग्रामीणों के मुताबिक छोटे लाल प्रजापति रोजाना शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था. तीन बेटियां होने के कारण महिला को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. इसी तनाव की वजह से महिला द्वारा यह कदम उठाये जाने की आशंका है.\
