मनीष कुमार की रिपोर्ट
पलामू. जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड क्षेत्र के रबादा मोड़ के समीप सरईडीह जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है. सड़क पर जलजमाव स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. हल्की बारिश होते ही पूरी सड़क जलमग्न हो जाती है, जिससे इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है.
नाली की समुचित निकासी व्यवस्था नहीं
नाली की समुचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां महीनों तक जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. गंदा पानी सड़क पर फैलने से आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जगह-जगह बने बड़े गड्ढे
सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से बाइक सवार और पैदल राहगीरों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है. स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और नाली की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें: पलामू : भीतिहा स्कूल में बदहाली का आलम, जर्जर स्कूल भवन में 100 बच्चों की 2 शिक्षकों के भरोसे पढ़ाई
जलजमाव से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा
जलजमाव के कारण आसपास बदबू फैलने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. इससे मलेरिया, डेंगू समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत के साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.
