Palamu Fraud: पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय में दिनदहाड़े ठगी की बड़ी घटना सामने आई है. पांकी रोड स्थित रेड़मा सुरेश सिंह चौक के पास पीएचईडी विभाग के संवेदक समेत दो युवकों से सोने के गहनों की ठगी कर ली गई. यह घटना पिछले रविवार की है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस जांच में जुट गई है.
पीएचईडी ठेकेदार बना ठगी का शिकार
पीएचईडी विभाग के संवेदक अरविंद तिवारी ने बताया कि वह रविवार को रेड़मा चौक से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे. जैसे ही सुलभ शौचालय के पास पहुंचे, तभी पीछे से सादे कपड़े में आए एक युवक ने कहा कि साहब बुला रहे हैं. कुछ दूरी पर एक अन्य युवक जैकेट पहने पुलिस की वर्दी में खड़ा था, जिससे मामला पूरी तरह असली लगने लगा.
पुलिस ड्यूटी का हवाला देकर उतारी अंगूठी
अरविंद तिवारी के अनुसार पुलिस ड्रेस पहने युवक ने बताया कि बैरिया चौक के आसपास लूटपाट और चाकूबाजी की घटना हुई है. एसपी मैडम के आदेश पर सभी चौक-चौराहों पर सख्त ड्यूटी लगाई गई है. इसी बहाने उनसे कहा गया कि सुरक्षा के लिहाज से अपनी सोने की अंगूठी उतारकर पैकेट में रख लें. जब उन्होंने मना किया, तो आरोपी ने धमकाने की कोशिश की. जैसे ही अंगूठी उतारी, दोनों युवक झपट्टा मारकर अंगूठी लेकर बाइक से रेड़मा चौक की ओर फरार हो गए.
शोर के बावजूद कोई मदद नहीं मिली
घटना के बाद अरविंद तिवारी ने शोर मचाया, लेकिन सड़क पर वाहनों के शोर के कारण किसी को कुछ समझ नहीं आया. जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे.
दो अन्य युवक भी बने ठगी का शिकार
अरविंद तिवारी ने बताया कि इसी तरह की घटना इससे पहले जीएलए कॉलेज गेट और एक अन्य स्थान पर हुई थी. वहां भी दो युवकों से सोने की चेन उतरवाई गई. आरोपियों ने कहा कि सोने के आभूषण पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है, इसलिए उन्हें उतारकर घर में रखने की सलाह दी. चेन उतरवाकर कागज में मोड़कर थमा दिया गया, लेकिन कागज देने के दौरान ही आरोपी ने गहना गायब कर दिया. कुछ देर बाद जब कागज खोला गया, तो वह खाली निकला.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पीड़ितों ने आरोपियों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. राहत की बात यह है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज खंगाल रही है.
इसे भी पढ़ें: असम में हिमंता को टक्कर देने की तैयारी में जुटे हेमंत, विधानसभा की 35-40 सीटों पर झामुमो की नजर
पुलिस बोली, आवेदन के बाद होगी कार्रवाई
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि अब तक किसी भी पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: पुलिस रिकॉर्ड में फरार महिला चुनावी मैदान में, जमशेदपुर के मानगो से ठोक रहीं ताल
