Palamu Crime News, पलामू, (चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट): पलामू के चर्चित विनीत हत्याकांड में न्याय की मांग और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. पलामू एसपी कपिल चौधरी के कड़े रुख के बाद पुलिस की टीम मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के घर पहुंची और वहां खड़ी तीन लक्जरी गाड़ियों- फॉर्च्यूनर, थार और क्रेटा को जब्त कर शहर थाना ले आई.
एसपी का सख्त अल्टीमेटम: सरेंडर करें या कड़ी कार्रवाई झेलें
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि विनीत हत्याकांड में शामिल आरोपी अगर जल्द ही सरेंडर नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कानून का सबसे सख्त प्रहार होगा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अपराधी चाहे पाताल में भी क्यों न छिपे हों, उन्हें ढूंढ निकाला जाएगा. किसी भी स्थिति में जिले में अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा.” वर्तमान में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
Also Read: दिल्ली में गूंजा झारखंड का नाम: डॉ. वीरेंद्र कुमार को मिला ‘दादा साहब फाल्के फिल्म फेस्टिवल अवार्ड’
अवैध संपत्ति और घर पर चलेगा बुलडोजर
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी की संपत्ति की गहराई से जांच की जा रही है. इसके लिए इनकम टैक्स विभाग को पत्र लिखा गया है. साथ ही, अंचलाधिकारी और अमीन को बुलाकर जमीन की मापी कराई जा रही है ताकि अतिक्रमण किए गए हिस्से को चिन्हित कर उसे ध्वस्त किया जा सके. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जब्त वाहनों के मालिकों की जांच परिवहन विभाग से कराई जा रही है और वाहन मालिकों पर भी गाज गिरेगी.
क्या है पूरा मामला?
उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल की शाम रेड़मा निवासी विनीत तिवारी का अपहरण कर लिया गया था. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन 26 अप्रैल को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट गांव के पास विनीत का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ. अपराधियों ने निर्मम तरीके से हत्या कर शव को फेंक दिया था. पुलिस अब कोर्ट से अनुमति लेकर आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की तैयारी कर रही है.
