सतबरवा. प्रखंड क्षेत्र के धावाडीह पंचायत अंतर्गत लोहरा पोखरी गांव के पास मलय नदी पर बनी पुलिया में गड्ढा हो गया है. इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है. पुलिया पर बने गड्ढे के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कत हो रही है. रात के समय दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
कई गांवों को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ती है पुलिया
उप मुखिया मुधीर साहू, संतोष कुमार, प्रीतम कुमार, प्रदीप पाठक, भास्कर पाठक, सुरेंद्र पाठक, जितेंद्र भुइयां, संजय राम समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया का गड्ढा लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.
ग्रामीणों के अनुसार, 90 के दशक में ग्रामीणों की परेशानी और बरसात के दौरान मलय नदी में आने वाली बाढ़ को देखते हुए लोहड़ी गांव के सेवानिवृत्त इंजीनियर सह इंदिरा गांधी पब्लिक स्कूल के निदेशक श्रीपति पाठक की प्रेरणा और ग्रामीणों के श्रमदान से पुलिया का निर्माण कराया गया था. यह पुलिया लोहड़ी, सेहरा, जोगिया पोखरी और नौरंगा समेत कई गांवों को सतबरवा प्रखंड मुख्यालय से जोड़ती है. साथ ही लेस्लीगंज, तरहसी और पांकी प्रखंडों के बीच आवागमन का भी महत्वपूर्ण मार्ग है.
दो साल पहले भी क्षतिग्रस्त हुई थी पुलिया
आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी पुलिया क्षतिग्रस्त हुई थी. उस समय पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने अपने खर्च से इसकी मरम्मत करायी थी. ग्रामीणों ने अब फिर पुलिया की स्थिति को देखते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.
