एसडीपीओ के निर्देश पर अस्पताल सील, संचालक को दस्तावेजों के साथ थाना में हाजिर होने का आदेश, जांच जारी गुमला. जिले के चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप संचालित एक निजी अस्पताल में पुलिस ने गुरुवार देर रात छापेमारी कर कथित अवैध गर्भपात के मामले का खुलासा किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल के निर्देश पर अस्पताल को अस्थायी रूप से बंद कर मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया है. थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर रात करीब नौ बजे पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. मौके पर मौजूद 21 वर्षीय युवती से पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर अस्पताल में गर्भपात कराये जाने की बात सामने आयी. इसके बाद पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी और संचालक ओमप्रकाश सिंह को रजिस्ट्रेशन व डिग्री समेत आवश्यक कागजात के साथ थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया. निर्धारित समय तक संचालक के उपस्थित नहीं होने से संदेह और गहरा गया है. प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिला है कि अस्पताल में किसी अधिकृत एमबीबीएस डॉक्टर या स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित उपलब्धता संदिग्ध है. यदि इसकी पुष्टि होती है, तो इसे स्वास्थ्य नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जायेगा. वहीं, युवती को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन उसने मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया. उसका कहना है कि वह बालिग है और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है. पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी, ताकि तथ्य सामने आ सकें और किसी के साथ अन्याय न हो.
चैनपुर में अवैध गर्भपात का खुलासा, निजी अस्पताल में पुलिस की छापेमारी
एसडीपीओ के निर्देश पर अस्पताल सील, संचालक को दस्तावेजों के साथ थाना में हाजिर होने का आदेश, जांच जारी
