हुसैनाबाद. हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है. पिछले 10 दिनों में तीन बाइक और एक ट्रैक्टर चोरी होने का मामला सामने आया है. पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि जल्द ही वाहन चोर गिरोह को गिरफ्तार किया जायेगा.
तीन सितंबर की रात घर के बाहर से बाइक चोरी
जपला स्टेशन रोड निवासी मनीष यादव की एचएफ डीलक्स बाइक तीन सितंबर की रात घर के बाहर से चोरी हो गयी. सुबह बाइक नहीं मिलने पर उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. चार सितंबर को उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दी.
जांच के दौरान हैदरनगर पुलिस ने हुसैनाबाद पुलिस को बताया कि एक एचएफ डीलक्स बाइक हैदरनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास लावारिस हालत में मिली है. इसके बाद बाइक को हुसैनाबाद थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
मॉल के बाहर से कर्मचारी की बाइक गायब
झरहा गांव निवासी और बी बाजार मॉल के कर्मचारी पवन कुमार ने छह सितंबर को अपनी बाइक मॉल के बाहर खड़ी की थी. दोपहर करीब दो बजे लंच के लिए बाहर निकले तो बाइक गायब मिली. शिकायत के बाद पुलिस ने मॉल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की. पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना फुटेज में कैद हुई है.
डिलीवरी बॉय की बाइक भी हुई चोरी
जपला चौबे निवासी विकास कुमार चौधरी एक्सप्रेसबीच कार्यालय में डिलीवरी बॉय हैं. उन्होंने नौ सितंबर को अपनी स्पलेंडर बाइक हरिहर चौक स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी की थी. काम खत्म होने के बाद बाहर निकले तो बाइक गायब मिली. काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला.
घर के बाहर से ट्रैक्टर चोरी
गमहर बिगहा निवासी योगेंद्र सिंह ने बीआरजीबी 9787 नंबर का ट्रैक्टर घर के बाहर खड़ा किया था. 12 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे परिवार के लोग सो गये. 13 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे उठने पर ट्रैक्टर गायब मिला.
योगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अप्रैल 2026 में नबीनगर के बेलासपुर निवासी शुभम कुमार सिंह से ट्रैक्टर खरीदा था. हालांकि, अभी तक ट्रैक्टर उनके नाम पर ट्रांसफर नहीं हुआ है. मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी है और जांच जारी है.
