पलामू: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पथरा पंचायत के पथरा गांव टोला (पीपरडीह) में घर बंटवारे का विवाद खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि इस विवाद में छोटे भाई संतोष पासवान व उसके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडे से प्रहार कर सगे बड़े भाई अशोक पासवान (45) की हत्या कर दी. जानलेवा हमले में मृतक की पत्नी निर्मला देवी व उनका बेटा पीयूष कुमार पासवान (18) गंभीर रूप से घायल हैं. परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद अशोक पासवान को मृत घोषित कर दिया. वहीं पत्नी और बेटे का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना के एसआइ विमल कुमार और विजय मेहता दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
इस घटना को लेकर मृतक के बेटे आयुष कुमार पासवान ने हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन दिया है. आवेदन में कहा गया है कि नौ अगस्त को उनके पिता अशोक पासवान घर पर थे. दोपहर करीब 11.30 बजे घर बंटवारे को लेकर उनके चाचा संतोष पासवान और पिता के बीच कहासुनी होने लगी. देखते ही देखते दोनों के बीच झड़प शुरू हो गयी.
इसी बीच चाचा संतोष पासवान, चाची रीता देवी, उनके बेटे सुमित पासवान, सोनू पासवान और सौरभ पासवान लाठी-डंडे और घूंसों से पिता पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगे. बीच-बचाव करने आयी मां निर्मला देवी और भाई ऋषभ कुमार पर भी जानलेवा हमला किया गया. हमले में मां और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गये.
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस विवाद को बढ़ाने वाले दूसरे चाचा धनंजय पासवान मोबाइल फोन पर बात कर भड़काने का काम करते थे. इसके साथ ही गांव के विनोद पासवान और विजय पासवान ने भी इस विवाद को कराने की साजिश रची है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू.
इस संबंध में हुसैनाबाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
