मेदिनीनगर. पलामू जिला में दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारी शुरू हो गयी है. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सुदना में श्रीरामचरित मानस नवाह परायण महायज्ञ का 44 वां अधिवेशन सह दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया है. आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुणचंद सिंह उर्फ विभु, कमलेश दुबे उर्फ सोनी दुबे, संतोष पांडेय ने बताया कि महायज्ञ की तैयारी शुरू कर दी गयी है.
श्रीतुलसी मानस मंदिर परिसर में आकर्षक प्रवचन पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. समिति के अध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि महायज्ञ को लेकर 10 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से कलश यात्रा निकाली जायेगी. उसी दिन शाम में हनुमत पूजा के बाद 12 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू होगा.
11 अक्टूबर को कलश स्थापना के आचार्य मिथिलेश मिश्रा के द्वारा श्रीराम दरबार की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा और दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जायेगा. जौनपुर से पधारे मानस व्यास पंडित विनोद गौरव शास्त्री के द्वारा संगीतमय श्रीरामचरित मानस पाठ शुरू किया जायेगा. उन्होंने बताया कि ग्वालियर से पधारी मानस कोकिला साध्वी लीला भारती और गोरखपुर के चौरा चौरी से आये मानस मर्मज्ञ हेमंत तिवारी के द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा का रसपान कराया जायेगा.
19 अक्टूबर तक प्रतिदिन मानस पाठ और प्रभु श्रीराम की पावन कथा होगी. 20 अक्टूबर को पूजा अनुष्ठान व हवन के साथ पूर्णाहुति और प्रतिमा विसर्जित किया जायेगा. महायज्ञ को सफ़ल बनाने में आयोजन समिति के लोग सक्रिय हैं.
