मेदिनीनगर. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय गर्ल्स केजी स्कूल, मेदिनीनगर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल उत्सव का आयोजन किया गया. इसमें छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं करायी गयीं. छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार दुबे ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की.
छात्राओं ने सभी स्पर्धाओं में उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया
उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर हर वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है. उनकी कप्तानी और शानदार खेल की बदौलत भारत ने ओलंपिक में लगातार तीन बार हॉकी का स्वर्ण पदक जीता था. उनका जीवन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है. विद्यालय के शारीरिक शिक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में रस्साकशी, पासिंग द बॉल, म्यूजिकल चेयर और दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं. छात्राओं ने सभी स्पर्धाओं में उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया. आयोजन में शिक्षक विकास रंजन, रोमा राज, प्रेरणा पल्लवी, प्रिया पाण्डेय और अमृता सिन्हा ने रेफरी व निर्णायक की भूमिका निभाते हुए सहयोग किया.
ये भी पढ़ें: पलामू के स्वतंत्रता सेनानी यदुवंश सहाय व अमिये घोष के नाम पर आयुक्त से सड़क का नामकरण करने की मांग
