मेदिनीनगर. वरिष्ठ अधिवक्ता हृदयानंद मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने महान स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य यदुवंश सहाय उर्फ यदु बाबू तथा अमिय कुमार घोष उर्फ गोपा बाबू की प्रतिमाएं शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित करने की मांग की.
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने ऐतिहासिक जेलहाता क्षेत्र का नाम बदलकर ‘यदुवंश नगर (यदु बाबू)’ और सेवा सदन रोड का नाम ‘अमिय कुमार घोष रोड (गोपा बाबू)’ करने का अनुरोध किया.
स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण में योगदान
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. दोनों का योगदान संविधान निर्माण से भी जुड़ा रहा है. ऐसे महापुरुषों की स्मृति को शहर से जोड़ने से आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की जानकारी मिलेगी.
ये भी पढ़ें: पाटन में 50 टीबी मरीजों के बीच बांटे गये पौष्टिक आहार पैकेट
सकारात्मक पहल का आश्वासन
नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना. उन्होंने आश्वासन दिया कि मांगों को आगामी नगर निगम बोर्ड की बैठक में रखा जायेगा और इस दिशा में सकारात्मक पहल की जायेगी.
ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में युवक को रात में मारी गोली, सुबह होते ही सड़क जाम, बाजार बंद; कनपटी में मारी गई थी गोली
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
प्रतिनिधिमंडल में यदुवंश सहाय के पौत्र सुधीर सहाय, प्रेम भसीन, श्याम नारायण सिंह, शर्मिला सूमी, शैलेश चंद्रवंशी, जतरू उरांव, सुमन तिर्की, रानू सिन्हा, अमित पांडेय, अधिवक्ता सुरेंद्र पांडेय, संजीव कुमार मिश्रा समेत कई लोग शामिल थे.
