प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
नगर निगम प्रशासन के कार्यों को लेकर कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है. उनका आरोप है कि निगम प्रशासन शहर के प्रमुख मार्गों और जल स्रोतों पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य कर रहा है, जिससे आम नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा. कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला कुमारी, राजेश चौरसिया और सीपीआई नेता केडी सिंह ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने पाया कि नावाटोली स्थित सैंडर्श तालाब पर मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है. इस निर्माण से तालाब की जल निकासी का मार्ग बंद हो गया है. बरसात के दिनों में पानी आसपास के घरों में घुसने की आशंका है, साथ ही अधिक वर्षा होने पर तालाब का बांध टूटने का खतरा भी बना रहेगा. नेताओं ने कहा कि तालाब की आधी से अधिक जमीन पहले ही अतिक्रमण की चपेट में है, और निगम प्रशासन खुद अतिक्रमण कर रहा है, जो न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन है.
कई दुकानें सड़क पर कब्जा जमा चुकी है
इसी तरह रेडमा स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समीप सड़क पर दुकान निर्माण के लिए नींव खोदी गयी है और सामग्री रखी गयी है. यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है और यहां पहले से ही जाम की स्थिति रहती है. केजी स्कूल मार्ग पर पार्क बना दिया गया है और कई स्थानों पर मेघा डेयरी की दुकानें सड़क पर कब्जा कर चुकी हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है.निर्माण कार्यों को नहीं रोका गया, तो आंदोलन
कांग्रेस और सीपीआई नेताओं ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम प्रशासन मनमाने तरीके से काम कर रहा है और जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क और तालाब पर हो रहे निर्माण कार्यों को तत्काल नहीं रोका गया तो कांग्रेस मुखर आंदोलन करेगी. उनका कहना है कि जल स्रोतों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन निगम प्रशासन खुद नियमों का उल्लंघन कर रहा है.