पाटन (पलामू)/चतरा : झाविमो प्रमुख सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में उनकी सरकार बनी, तो सभी जगहों पर आधी आबादी को अधिकार मिलेगा. थाना हो या ब्लॉक, सभी जगह पर नियुक्ति में महिलाओं को प्राथमिकता मिलेगी. बेहतर झारखंड का निर्माण उनका सपना है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए वह पूरी सक्रियता से लगे हुए हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री श्री मरांडी गुरुवार को पलामू के पाटन के प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान में जनादेश यात्रा के तहत आयोजित समारोह में बोल रहे थे. कहा कि राज्य की रघुवर सरकार विकास का ढिंढोरा पीट रही है. राज्य गठन के बाद उनके नेतृत्व में बनी सरकार ने जिस विजन के साथ कार्य शुरू किया था, उसे वर्तमान सरकार आगे नहीं बढ़ा सकी.
इधर श्री मरांडी ने जनादेश यात्रा के दौरान जोरी, प्रतापपुर व हंटरगंज में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनी, तो सबसे पहले टेट पास युवकों की रिक्त पड़े पदों पर सीधी बहाली की जायेगी. सम्मानजनक वेतन दिया जायेगा. निजी विभागों में भी 85 प्रतिशत झारखंडवासियों को बहाल किया जायेगा. जरूरत पड़ी तो इसके लिए कानून भी बनाया जायेगा.
