मेदिनीनगर : बुधवार को मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच पोखराहा खुर्द में प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के लाभुकों के बीच गैस वितरण किया गया. कार्यक्रम का आयोजन पोखराहा खुर्द पंचायत सचिवालय में हुआ. अतिथियों ने इस वार्ड क्षेत्र के 97 लाभुकों के बीच गैस कनेक्शन व चूल्हा वितरित किया.
मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मंत्री मनोज सिंह ने कार्यक्रम के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. कहा कि केंद्र व राज्य सरकार बेहतर विकास की सोच के साथ काम कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गरीबों के उत्थान के लिए कई तरह की योजनाएं शुरू की है. इन योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है ताकि जरूरतमंदों को उन योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके. सरकार जिस सोच के साथ काम कर रही है उसे गति देने के लिए हम सबों को सक्रिय सहभागिता निभाने की जरूरत है तभी सरकार की कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतरेगी.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है. सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर काम हो रहा है. जिन लोगों को गैस का कनेक्शन नहीं मिल पाया है उन्हें पांच अगस्त तक उपलब्ध करा दिया जायेगा. विशिष्ट अतिथि निगम के डिप्टी मेयर मंगल सिंह, बीस सूत्री समिति के सदर प्रखंड अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने लोगों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराया. बताया कि सरकार महिला सशक्तीकरण के तहत महिलाओं के हितों की रक्षा को ध्यान में रखकर काम कर रही है.
यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं एवं परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य का ख्याल रखा और जीवाश्म इंधन से भोजन बनाने के झंझट से छुटकारा दिलाया. एलपीजी गैस का कनेक्शन देकर महिलाओं स्वास्थ्य की रक्षा की. वहीं पर्यावरण को भी प्रदूषित होने से बचाने के लिए इसे अभियान के रूप में लिया. जरूरत है हम सब को मिलकर सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की.
वार्ड पार्षद नीरा देवी ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिले इसके लिए वह सक्रियता के साथ काम कर रही है. ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी एलपीजी गैस के माध्यम से भोजन बनाये इसके लिए सरकार का सोच एवं कार्य बेहतर है. मौके पर निशिथ कुमार सिंह, बीस सूत्री समिति के प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, सदस्य अभिमन्यु तिवारी आदि मौजूद थे.
