चंद्र प्रकाश सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: धनबाद रेल मंडल के डालटनगंज-गढ़वा रेलखंड पर स्थित केचकी रेलवे ओवरब्रिज (औरंगा नदी पुल) के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक ट्रेन हादसा हुआ. डाउन पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. उसके दोनों पैर कट गए हैं.
सुबह रेल पुल पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दोनों महिलाएं सुबह के समय औरंगा नदी रेल पुल से गुजर रही थीं. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृत महिला को बीते मंगलवार से ही इलाके में अर्द्ध-विक्षिप्त (मानसिक रूप से अस्वस्थ) हालत में घूमते हुए देखा गया था.फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है.घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंच गयी है. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
चियांकि रेलवे स्टेशन के पास मिला एक और घायल व्यक्ति
आरपीएफ की टीम मामले की जांच और मृतका की शिनाख्त करने में जुट गई है. उधर चियांकि रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 270/16-17 के पास बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हालत में बरामद किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को रेस्क्यू कर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, डाल्टनगंज में भर्ती कराया. तलाशी के दौरान जख्मी व्यक्ति के पास से डाल्टनगंज से रांची का एक रेल टिकट बरामद हुआ है, जिससे उसके डाल्टनगंज से रांची की यात्रा करने की आशंका जताई जा रही है.फिलहाल घायल की पहचान नहीं हो पाई है और आरपीएफ पुलिस टीम पूरे मामले की गहन पड़ताल और व्यक्ति की शिनाख्त करने में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: देवघर में चाय दुकान चलाने वाली महिला की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
यह भी पढ़ें: धनबाद: अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी राजगंज रोड को किया जाम
