प्रतिनिधि, पाकुड़. शहर के बड़ी अलीगंज स्थित खुशी निजी अस्पताल के पीछे इन दिनों रात के समय जंगली जानवरों की आवाज सुनाई देने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात उक्त इलाके में लगातार जंगली जानवरों की आवाज सुनायी देती है. लोगों का कहना है कि आवाज सियार जैसी है. हालांकि, अब तक किसी जंगली जानवर के प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देने की पुष्टि नहीं हुई है.
शिकायत के बाद वन विभाग हुआ सक्रिय
मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है. विभाग की ओर से जंगली जानवर को पकड़ने के लिए अस्पताल के पीछे स्थित जंगल में पिंजरा लगाया गया है. वन विभाग की टीम लगातार इलाके पर नजर रख रही है और जानवर की गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है.
झाड़ियों और आम के पेड़ों से घिरा है इलाका
खुशी निजी अस्पताल के पीछे आम के कई पेड़ हैं. इसके अलावा पूरा इलाका छोटी-छोटी झाड़ियों से घिरा हुआ है. स्थानीय लोगों का मानना है कि इसी वजह से रात के समय जंगली जानवर यहां पहुंच रहे होंगे. घनी झाड़ियों के कारण जानवरों को छिपने के लिए सुरक्षित स्थान भी मिल जाता है.
अब तक पिंजरे में नहीं फंसा कोई जानवर
वन विभाग के रेंजर बबलू देहरी ने बताया कि आसपास के लोगों से रात में जंगली जानवर की आवाज सुनाई देने की शिकायत मिली थी. शिकायत के आलोक में जंगल में पिंजरा लगाया गया है और वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है. हालांकि, अब तक कोई जंगली जानवर पिंजरे में नहीं फंसा है.
उन्होंने बताया कि उक्त स्थान पर काफी संख्या में छायादार पेड़ हैं. संभव है कि गर्मी से राहत पाने के लिए कोई जंगली जानवर इस इलाके में आ रहा हो. वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग की टीम आसपास के लोगों को भी सतर्क कर रही है. लोगों से रात के समय घर के दरवाजे बंद रखने और आसपास निगरानी बनाए रखने की अपील की गयी है. जरूरी होने पर पर्याप्त रोशनी के साथ ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गयी है. साथ ही छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.
