सड़क दुर्घटना के बाद हुए उत्पात पर दो प्राथमिकी दर्ज, बड़ी संख्या में नामजद व अज्ञात आरोपी

एसपी ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद थी, लेकिन इसकी आड़ में असामाजिक तत्वों द्वारा प्रशासनिक एवं पुलिस कार्रवाई में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की गयी.

पाकुड़. बीते दिनों सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद शहर में हुए उत्पात और हंगामे को लेकर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. नगर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं. यह मामले कांड संख्या 16/2026 और 17/2026 के तहत दर्ज किये गये हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार डीपीएस स्कूल के प्राचार्य एवं अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेड़िया के आवेदन पर यह कार्रवाई की गयी है. डीपीएस स्कूल के प्राचार्य की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर 20 से 25 नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है. वहीं अंचलाधिकारी की ओर से 65 नामजद तथा 500 से 600 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद थी, लेकिन इसकी आड़ में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रशासनिक एवं पुलिस कार्रवाई में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की गयी. उन्होंने कहा कि इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए, विद्यालय के बच्चे भयभीत रहे, चौक-चौराहों पर तोड़फोड़ एवं आगजनी की गयी तथा पुलिस बल पर भी हमला किया गया. असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस के कार्य को अवरुद्ध किया गया, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है. एसपी ने स्पष्ट किया कि विद्यालय प्रबंधन एवं अंचलाधिकारी के आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. बता दें कि मंगलवार की सुबह शहर के गांधी चौक के समीप स्कूली बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गयी थी. घटना के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गयी और उत्पात की घटनाएं सामने आयीं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >