प्रतिनिधि, पाकुड़. झारखंड सरकार के मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर झारोटेफ टीम की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. सोमवार को सिद्धू-कान्हू पार्क के समीप शोकसभा का आयोजन किया गया. इस दौरान झारोटेफ के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
पुरानी पेंशन योजना लागू कराने में बताया महत्वपूर्ण योगदान
शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखंड के उन कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनकी नियुक्ति एनपीएस के तहत हुई थी. उन्होंने कर्मचारियों और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हुए पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाने में योगदान दिया. उनके प्रयासों से हजारों कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिला.
वक्ताओं ने कहा कि उनके मृदु स्वभाव, कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशीलता और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए कर्मचारी समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा. उनके निधन से कर्मचारी वर्ग को अपूरणीय क्षति हुई है.
सरल व्यक्तित्व और सहयोगी स्वभाव को किया याद
शोकसभा में कहा गया कि सुदिव्य कुमार सोनू का सरल व्यक्तित्व, सहयोगी स्वभाव और समाज के प्रति समर्पण हमेशा लोगों के बीच स्मरणीय रहेगा. उनके असामयिक निधन से झारोटेफ परिवार समेत कर्मचारी वर्ग गहरे शोक में है.
झारोटेफ परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार और सभी शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें.
मौके पर झारोटेफ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद शमशेर आलम, कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार, जिला सचिव शशि कपूर साहा, शम्स नैयर, स्विस्टीचरण मोदी, विनोद कुमार, मुबाशिर हुसैन, रीना भगत, यशोदा कुमारी, सोनू, विजय कुमार रॉय, हन्ना मुर्मू, पवन कुमार, एमडी लेनिन, अनंत साहा, नीरज हाज़रा, भारत राउत सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे.
