पाकुड़: नगर परिषद क्षेत्र में सड़कों पर आवारा पशुओं के बढ़ते जमावड़े से लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर वार्ड संख्या-11 की पार्षद निभा देवी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपा है. उन्होंने विशेष अभियान चलाकर आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने तथा जिम्मेदार पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर परिषद क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों एवं गलियों में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश व अन्य पशु खुलेआम घूमते रहते हैं. कई बार पशु सड़क के बीच बैठ जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
भगतपाड़ा, हाटपाड़ा, अंबेडकर चौक, हरिणडंगा बाजार, रेलवे फाटक, मालगोदाम रोड एवं विवेकानंद चौक जैसे व्यस्त इलाकों में समस्या अधिक गंभीर है. वार्ड पार्षद ने कहा कि रात के समय सड़क पर बैठे पशु वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं.
उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने नगर परिषद से मांग की कि विशेष अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला अथवा कांजी हाउस भेजा जाए. साथ ही खुले में पशु छोड़ने वाले पशुपालकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नगरवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
