प्रतिनिधि, पाकुड़. बुधवार सुबह से रुक-रुककर हुई बारिश ने पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों की बदहाली उजागर कर दी. कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गयी, जबकि पहले से मौजूद बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गयी. पानी में डूबे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से बाइक सवारों के गिरने और दुर्घटना की आशंका बनी रही.
गड्ढों में पानी भरने से बढ़ी परेशानी
राज हाई स्कूल रोड, अंबेडकर चौक समेत कई प्रमुख सड़कों पर बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा हो गया. सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ा. खासकर बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को अधिक परेशानी हुई. कई स्थानों पर जलजमाव के कारण सड़क और गड्ढे का अंतर स्पष्ट नहीं हो पा रहा था.
नगर परिषद क्षेत्र के कई निचले इलाकों में भी पानी जमा होने से लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई. बारिश का असर बाजार और सामान्य जनजीवन पर भी देखने को मिला. बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम रही. स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें:
पाकुड़ में अचानक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे सिविल सर्जन: मची हलचल,दवा से सफाई तक ली खबर
उमस भरी गर्मी से मिली राहत
पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी के बीच हुई बारिश से लोगों को राहत मिली. सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे और सूर्य का दर्शन नहीं हुआ. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गयी. लोगों ने मौसम में आयी इस ठंडक से राहत की सांस ली.
जल निकासी और गड्ढों की मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से जलजमाव वाले स्थानों पर जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़कों के गड्ढों को भी जल्द भराया जाना चाहिए, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या कम हो और वाहन चालकों व राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा टाला जा सके.
