प्रतिनिधि, पाकुड़ : पाकुड़ पुलिस की ओर से ऑपरेशन ऑल आउट के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर 153 लंबित वारंट का निष्पादन किया गया. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 50, मुफस्सिल थाना में 46, पाकुड़िया थाना में 17, लिट्टीपाड़ा थाना में 14, महेशपुर थाना में 7, मालपहाड़ी ओपी में 6, हिरणपुर थाना में 6, अमड़ापाड़ा थाना में 3, रद्दीपुर ओपी में 2 तथा सिमलोंग ओपी में 2 लंबित वारंट का निष्पादन किया गया.
नगर थाना रहा सबसे आगे
वारंट के निष्पादन के मामले में नगर थाना 50 वारंट के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि मुफस्सिल थाना 46 वारंट के साथ दूसरे स्थान पर रहा. पुलिस की इस कार्रवाई में लंबे समय से फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसा गया.
तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ा गया है.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ऑल आउट के तहत की जा रही कार्रवाई से न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ अपराधियों में कानून का भय भी पैदा हुआ है. जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
