पाकुड़ में दरिंदगी: 13 साल की मासूम से दुष्कर्म, पुलिस ने 4 घंटे के अंदर 7 आरोपियों को दबोचा

Pakur Crime News: पाकुड़ के महेशपुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पाकुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 4 घंटे के भीतर अविनाश सोरेन, बबुटा सोरेन और अंसार टुडु समेत सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार व निरुद्ध कर लिया है. पूरी विस्तृत रिपोर्ट यहां पढ़ें.

Pakur Crime News, पाकुड़ (रमेश भगत की रिपोर्ट): झारखंड के पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है. यहां एक 13 वर्षीय मासूम नाबालिग बच्ची के साथ सात दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. हालांकि, घटना की भनक लगते ही पाकुड़ पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित एक्शन लिया और महज 4 घंटे के भीतर पूरे मामले का न केवल उद्भेदन किया, बल्कि वारदात में शामिल सभी 7 आरोपियों को कानून के शिकंजे में कस लिया. इनमें 5 बालिग हैं, जबकि 2 नाबालिग.

16 मई की रात की है वारदात, 17 मई को पुलिस को मिली सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुदीप सिंह ने रविवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी. एसपी ने बताया कि यह खौफनाक घटना 16 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है. पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को इस घटना की आधिकारिक सूचना अगले दिन यानी 17 मई को दोपहर करीब 12:00 बजे दी गई. जैसे ही पुलिस को इस घिनौने अपराध की जानकारी मिली, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत महेशपुर थाने में पोक्सो एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई.

Also Read: नशे के नेटवर्क पर देवघर पुलिस का बड़ा प्रहार, 20 लाख की ब्राउन शुगर के साथ 4 गिरफ्तार

एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी SIT

मामले की त्वरित जांच और आरोपियों की धर-पकड़ के लिए एसपी के निर्देश पर महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. गठित एसआईटी ने बिना वक्त गंवाए वैज्ञानिक, मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों (Technical & Human Intelligence) को आधार बनाकर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की. पुलिस की इस कड़े रुख और चौतरफा घेरेबंदी का नतीजा यह रहा कि सूचना मिलने के महज 4 घंटे के भीतर ही घटना में संलिप्त सभी 7 आरोपियों को दबोच लिया गया.

पकड़े गए अपराधियों में 5 बालिग और 2 नाबालिग शामिल

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पांचों बालिग आरोपी पाकुड़ जिले के ही विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं. जिनकी गिरफ्तारी हुई हुई है उनमें अविनाश सोरेन, बबुटा सोरेन उर्फ रूबीलाल सोरेन, अंसार टुडु, बबनु हेंब्रम उर्फ बुधिश्वर हेंब्रम और कार्तिक मुर्मू शामिल है. इनके अलावा, वारदात में शामिल 2 अन्य नाबालिग आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत ले लिया है. सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है.

कार्रवाई में शामिल जांबाज पुलिस टीम

महज 4 घंटे के भीतर इस संवेदनशील मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की क्षेत्र में सराहना हो रही है. एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक मदन कुमार शर्मा, महेशपुर थाना प्रभारी अजय महतो, रद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीचांद किस्कू और सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे. एसपी ने पूरी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है.

Also Read: Latehar: हक के लिए अफसरों से आर-पार की लड़ाई लड़ेगा वन श्रमिक यूनियन, 19 मई से आंदोलन तेज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >