पाकुड़. शहर के गांधी चौक स्थित पानी टंकी पर पाकुड़ नगर परिषद के सीईओ कुमार अरविंद बेदिया के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है. सोमवार को पोस्टर नजर आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया. चौक-चौराहों पर लोग पोस्टर को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए.
पोस्टर में सीईओ के खिलाफ लिखी गई थीं आपत्तिजनक बातें
बताया जा रहा है कि गांधी चौक स्थित पानी टंकी पर लगाए गए पोस्टर में सीईओ कुमार अरविंद बेदिया के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं. पोस्टर किसने लगाया और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है. पोस्टर लगाए जाने की खबर फैलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी और मामले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं.
कुछ देर बाद ही हटा दिया गया पोस्टर
मामला चर्चा में आने के कुछ ही देर बाद पोस्टर को वहां से हटा दिया गया. पोस्टर किसके निर्देश पर या किसके द्वारा हटाया गया, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है. घटना के बाद शहर में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं कि आखिर सीईओ के खिलाफ इस तरह की पोस्टरबाजी किसने और क्यों की.
सीईओ बोले- मामले की जानकारी नहीं, लगाया जाएगा पता
मामले को लेकर पाकुड़ सीईओ कुमार अरविंद बेदिया ने कहा कि उन्हें पोस्टर लगाए जाने की जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि मामले का पता लगाया जाएगा. फिलहाल पोस्टर लगाने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान नहीं हो सकी है.
सार्वजनिक स्थल पर इस तरह का पोस्टर लगाए जाने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि इसके पीछे कौन था और पोस्टर लगाने की वजह क्या थी. मामले की जानकारी जुटाए जाने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
