मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का संकल्प
पाकुड़ : दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) पाकुड़ में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना विकसित करना रहा.
रस्साकशी और वॉलीबॉल में सदनों के बीच मुकाबला
इसके बाद कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर-सदनीय रस्साकशी और वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गयी. विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. इस दौरान विद्यालय परिसर तालियों और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण नारों से गूंजता रहा.
नन्हे खिलाड़ियों ने दौड़ और म्यूजिकल चेयर में दिखाया उत्साह
प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 30 मीटर, 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ तथा म्यूजिकल चेयर समेत अन्य गतिविधियां आयोजित की गयीं. नन्हे विद्यार्थियों ने खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया.
मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने की सीख
मौके पर निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी. उन्होंने कहा कि सफलता प्रतिभा के साथ निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है. प्रधानाचार्य जेके शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों को जीत के साथ हार से सीखने, संघर्ष करने और टीम के साथ आगे बढ़ने की सीख देते हैं. आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
