विवाहित महिला से छेड़खानी व मारपीट का आरोप, सात नामजद समेत अन्य पर प्राथमिकी

महेशपुर में एक विवाहित महिला ने सात लोगों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, गला दबाने और सोने की बाली छीनने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. घटना रात के अंधेरे में तब हुई जब वह अपने पति के साथ घर लौट रही थी.

महेशपुर : थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहित महिला ने छेड़खानी, मारपीट, गला दबाने और सोने की बाली छीनने का आरोप लगाते हुए सात नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ महेशपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 149/26 के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

रास्ते में दंपती से मारपीट का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 31 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी. इसी दौरान डिस्कोमोड़ के समीप महेशपुर-धर्मखांपाड़ा गांव निवासी शाहलुम शेख, टीटोन शेख और मोइनुल शेख ने उसे और उसके पति को मोटरसाइकिल से खींचकर उतार दिया. आरोप है कि इसके बाद तीनों ने महिला के साथ छेड़खानी की और उसे अंधेरे की ओर ले जाने लगे. महिला के शोर मचाने पर आरोपितों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की. बीच-बचाव करने पर उसके पति के साथ भी मारपीट की गयी.

थाना पहुंचने से पहले फिर विवाद, हमले का आरोप

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर तीनों आरोपित मौके से भाग निकले. इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ घटना की जानकारी देने रात करीब दस बजे महेशपुर थाना जा रही थी. आरोप है कि थाना के मुख्य द्वार के समीप पहुंचते ही शाहलुम शेख, मोइनुल शेख, करीमा खातून, टीटोन शेख, दुलाल शेख, रिंकू शेख और सेनु शेख सहित पांच-छह अन्य लोगों ने दोनों पर जान मारने की नीयत से हमला कर दिया.

गला दबाने और बाली छीनने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने उसे जमीन पर पटक दिया और शाहलुम शेख ने दोनों को जान से मारने के लिए कहा. इसके बाद करीमा खातून और शाहलुम शेख ने मिलकर उसका गला दबाने का प्रयास किया. किसी तरह उसने खुद को बचाया. आरोप है कि करीमा खातून ने उसके बायें हाथ में दांत से काट लिया, जबकि मोइनुल शेख ने उसके कान की सोने की बाली छीन ली. पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश भगत

रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >