MMDR संशोधन अधिनियम के खिलाफ पाकुड़ में झामुमो का हल्लाबोल, अधिकारों की रक्षा और खनन बकाये के भुगतान की उठी मांग

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पाकुड़ ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. उन्होंने खनिज उत्पादक राज्यों के वित्तीय एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, लंबित खनन बकाये का भुगतान और धारा 9डी को हटाने की मांग की है.

पाकुड़ : पाकुड़ में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पाकुड़ प्रखंड कमेटी की ओर से शनिवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख के नेतृत्व में आयोजित धरने में पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.

राज्यों के अधिकार प्रभावित होने का दावा

धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि प्रस्तावित एमएमडीआर संशोधन अधिनियम खनिज उत्पादक राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों को प्रभावित करने वाला है. उन्होंने कहा कि राज्यों को खनिज भूमि पर कर लगाने के अधिकार से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के संविधान पीठ के फैसले के बाद केंद्र सरकार द्वारा लाया जा रहा संशोधन राज्यों के अधिकारों को सीमित करेगा. इससे झारखंड जैसे खनिज संपदा वाले राज्यों की वित्तीय स्थिति प्रभावित होने की आशंका है.

खनन बकाये के भुगतान की मांग

सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की खनिज नीति से झारखंड के हित प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने झारखंड के लंबित खनन बकाये के भुगतान की भी मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य की खनिज संपदा से होने वाले राजस्व में राज्य के हितों और स्थानीय लोगों के अधिकारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.

धारा 9डी हटाने की मांग

प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख ने कहा कि राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन के माध्यम से एमएमडीआर संशोधन अधिनियम की धारा 9डी को हटाने, खनिज उत्पादक राज्यों के वित्तीय एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने, झारखंड के लंबित खनन बकाये का भुगतान कराने तथा खनिज नीति में आदिवासी-मूलवासी समाज के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की गयी है.

बीडीओ को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

धरने के बाद जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख और नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा.

ये कार्यकर्ता रहे मौजूद

मौके पर अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष कदम रसूल, केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, जिला युवा उपाध्यक्ष रेजाउल हक, प्रखंड सचिव राजेश सरकार, उपाध्यक्ष अजफरुल शेख, रामसिंह टुडू, इस्माइल रहमान, सत्तार शेख, प्रकाश हांसदा, महिला प्रखंड अध्यक्ष मीना मुर्मू, मुसर्रफ हुसैन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >