प्रतिनिधि, अमड़ापाड़ा : गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को स्थानीय दुर्गा मंदिर परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. पूजा को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा. पुरोहित शंभूनाथ झा एवं संदीप ओझा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न करायी.
यजमान बनकर की गणपति की पूजा
पूजन समारोह में सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ बबलू भगत यजमान के रूप में शामिल हुए. उन्होंने भगवान गणेश को फल, फूल, बेलपत्र, प्रसाद एवं वस्त्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.
फूल-मालाओं से सजा मंदिर परिसर
गणेश चतुर्थी को लेकर मंदिर परिसर में आकर्षक पंडाल बनाया गया था. फूल-मालाओं एवं सजावटी सामग्री से मंदिर परिसर को सजाया गया था. सजावट के बीच पूजा के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
उपवास रख श्रद्धालुओं ने की प्रार्थना
गणेश चतुर्थी पर कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखा और भगवान गणेश को पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की. श्रद्धालुओं ने गणपति के जयकारे भी लगाये.
डुमरचिर में पहली बार शुरू हुई गणेश पूजा
वहीं, इस वर्ष पहली बार डुमरचिर गांव में भी गणेश पूजा की शुरुआत की गयी. पूजा के सफल आयोजन में सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा.
