पाकुड़ : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत प्राप्त दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है. इसी क्रम में संथाल परगना प्रमंडल, दुमका के प्रमंडलीय आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने बुधवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के जामजोड़ी पंचायत भवन में संचालित दावा-आपत्ति सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे.
मतदाताओं से बातचीत कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने दावा-आपत्ति प्राप्त करने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, मतदाताओं को उपलब्ध करायी जा रही सहायता तथा सुनवाई की प्रक्रिया की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली. उन्होंने मौके पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त की.
आयुक्त ने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है. उन्होंने मतदाताओं से अपने नाम और निर्वाचक विवरण की जांच करने की अपील की. नाम छूटने, विवरण में त्रुटि अथवा अन्य किसी प्रकार की आपत्ति होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराने को कहा.
11 दस्तावेजों में से एक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने की जानकारी दें
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्रता एवं निर्वाचक विवरण के सत्यापन के लिए निर्धारित 11 दस्तावेजों में से किसी एक वैध दस्तावेज को प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में मतदाताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करायी जाए. उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान आने वाले प्रत्येक मतदाता को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन मिले तथा पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्वाचन नियमों के अनुरूप हो. निरीक्षण के अवसर पर आयुक्त के सचिव रवि प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी लिट्टीपाड़ा संजय कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
