प्रतिनिधि, अमड़ापाड़ा. अमड़ापाड़ा क्षेत्र में संचालित कोल कंपनी डीबीएल के सड़क पेट्रोलिंग कर्मी तारेश मरांडी ने पोचाइबेड़ा निवासी सुगेन साहा और करुणा साहा के खिलाफ अमड़ापाड़ा थाना में एससी-एसटी एक्ट सहित बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने कांड संख्या 67/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे थे पेट्रोलिंग कर्मी
दर्ज शिकायत के अनुसार, अमड़ापाड़ा के रसिकटोला निवासी तारेश मरांडी मंगलवार को प्रतिदिन की तरह अमड़ापाड़ा-पाकुड़ कोयला परिवहन मार्ग पर पेट्रोलिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पोचाइबेड़ा के समीप पानी छिड़काव की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है. सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे.
बताया गया कि संबंधित स्तर से आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया. इसके बाद तारेश मरांडी जाम समाप्त होने की जानकारी अपने वरीय अधिकारियों को देने के लिए घटनास्थल की तस्वीर लेने लगे.
यह भी पढ़ें:
पाकुड़ में अचानक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे सिविल सर्जन: मची हलचल,दवा से सफाई तक ली खबर
तस्वीर लेने को लेकर हुआ विवाद
तारेश मरांडी ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि घटनास्थल की तस्वीर लेने के दौरान सुगेन साहा और करुणा साहा भड़क गये. आरोप है कि दोनों ने उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया और जातिसूचक गालियां दीं.
घटना के बाद तारेश मरांडी अमड़ापाड़ा थाना पहुंचे और दोनों के खिलाफ लिखित शिकायत दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत में लगाये गये आरोपों की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
