पाकुड़ : नगर परिषद के विकास कार्यों और फंड आवंटन में कथित असमानता का मामला शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक में उठा. कांग्रेस नेताओं और वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में विकास राशि और योजनाओं का समान एवं पारदर्शी तरीके से आवंटन करने की मांग की. बैठक में मौजूद झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए इसे उचित स्तर पर रखने और समाधान के लिए हरसंभव पहल करने का आश्वासन दिया.
11 वार्डों को प्राथमिकता देने का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर परिषद के विभिन्न वार्डों के पार्षद, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. नगर कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा यादव ने आरोप लगाया कि नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से विकास मद की राशि के आवंटन में 11 वार्ड सदस्यों को प्राथमिकता दी गई, जबकि 10 वार्ड सदस्यों के वार्डों को कथित रूप से नजरअंदाज किया गया. उन्होंने कहा कि सभी 21 वार्डों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए.
विकास योजनाओं में भेदभाव नहीं करने की मांग
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की जनता ने अपने प्रतिनिधि का चुनाव किया है. ऐसे में विकास योजनाओं और राशि के आवंटन में राजनीतिक या व्यक्तिगत आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए. वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को बैठक में रखा तथा फंड आवंटन में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की.
सकारात्मक समाधान का दिया भरोसा
आलमगीर आलम ने कहा कि जनता के हित और नगर के समग्र विकास में असमानता उचित नहीं है. मामले को संबंधित स्तर पर रखकर सकारात्मक समाधान की दिशा में पहल की जाएगी.
ये रहे मौजूद
बैठक में विधायक प्रतिनिधि गुलाम मोहम्मद उर्फ बकुल, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, जिला प्रवक्ता मुख्तार हुसैन, सेमिनुल इस्लाम, शाहीन परवेज, देबू विश्वास, अब्दुल बसीर शेख, मोहम्मद सिराजुद्दीन, असलम अंसारी, मिथुन मरांडी सहित अन्य मौजूद थे.
