हिरणपुर : सिविल सर्जन प्रवीण कुमार संथालिया ने बुधवार को हिरणपुर प्रखंड क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर डांगापाड़ा, तोराई एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डांगापाड़ा का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित मिले. स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन भी सुचारू रूप से होता पाया गया.
सुविधाओं का लिया जायजा
सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने केंद्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया.
व्यवस्था बेहतर रखने का निर्देश
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सभी स्वास्थ्यकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत
सभी कर्मी पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.
