पाकुड़िया : पाकुड़िया थाना क्षेत्र में पाकुड़िया-दुमका पीडब्ल्यूडी पथ पर बागजोबड़ा पुल के समीप शनिवार को तीखे मोड़ पर दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया पहुंचाया गया.
डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद किया रेफर
सीएचसी में चिकित्सक डॉ मंजर आलम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घायलों में देवा देहरी (40), अक्ला देहरी (50), दोनों ग्राम कारूडीह, जिला दुमका निवासी हैं. वहीं सूर्या देहरी (48), ग्राम हरिपुर और इरशाद अंसारी (31), ग्राम लकड़ापहाड़ी निवासी बताए गए हैं. घायलों में दो के पैर टूट गए हैं, जबकि दो अन्य को गंभीर चोटें लगी हैं.
तीखे मोड़ पर आमने-सामने हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर देवा देहरी, अक्ला देहरी और सूर्या देहरी सवार होकर कारूडीह से पाकुड़िया की ओर आ रहे थे. वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर इरशाद अंसारी पाकुड़िया से खरौनी की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि बागजोबड़ा पुल के समीप तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण दोनों मोटरसाइकिलें अनियंत्रित हो गईं और आमने-सामने टक्कर हो गई.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. घटना की सूचना मिलने के बाद पाकुड़िया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
