अमड़ापाड़ा में बारिश का दोहरा असर, बाजार में जलजमाव तो खेतों में खुशी

अमड़ापाड़ा में मूसलाधार बारिश से बाज़ार अस्त-व्यस्त, जलजमाव की स्थिति. वहीं किसानों को धान की फसल के लिए मिली राहत, खेती में बढ़ी उम्मीद.

संवाददाता, पाकुड़. अमड़ापाड़ा प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण मुख्य बाजार और मुख्य सड़क पर जगह-जगह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी

मुख्य सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी काफी देर तक जमा रहा. बाजार की सड़क पर बड़े-बड़े जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को कीचड़ व गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा. सड़क किनारे स्थित कई दुकानों के सामने भी पानी जमा हो गया, जिससे दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ा.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल मुख्य बाजार में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है. इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की जा रही है. लोगों ने प्रशासन से नालियों की नियमित सफाई कराने के साथ-साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

बारिश से किसानों को मिली राहत, धान की फसल को फायदा

इधर, तेज बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है. किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचा है, जिससे धान की फसल को फायदा होगा.

किसानों के अनुसार, मौजूदा समय में धान की फसल के लिए पानी बेहद जरूरी है. ऐसे में सोमवार को हुई अच्छी बारिश खेती-किसानी के लिए संजीवनी साबित हुई है. बारिश से जहां शहर और बाजार में जलजमाव की समस्या सामने आई, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को फसल के बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश भगत

रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >