जिला प्रशासन, कंपनी व ग्रामीणों के बीच बनी सहमति

पचुवाड़ा सेंट्रल कोल माइंस में विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गयी.

अमड़ापाड़ा. अमड़ापाड़ा अंचल अंतर्गत पचुवाड़ा सेंट्रल कोल माइंस में विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को आलूबेड़ा फुटबॉल मैदान में जिला प्रशासन की मौजूदगी में कंपनी और ग्रामीणों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गयी. बैठक में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, एसडीओ साइमन मरांडी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय बड़ाइक, जिला खनन पदाधिकारी नितेश कुमार, अंचलाधिकारी औसफ अहमद खां, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा सहित पचुवाड़ा सेंट्रल कोल ब्लॉक के आवंटी पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के एजेंट राकेश सिंह, एमडीओ डीबीएल के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट सह प्रोजेक्ट हेड ब्रजेश कुमार, सजीव सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. गौरतलब है कि विस्थापित व प्रभावित ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर पूर्व में कोयले का उत्खनन और परिवहन ठप करा चुके हैं. इसके बाद जिला प्रशासन की पहल पर गुरुवार को यह त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सेंट्रल कोल ब्लॉक के लिए पूर्व में ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और दोबारा अधिग्रहण कर नए सिरे से मुआवजा देने की कोई प्रक्रिया नहीं है. ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आने की अपील की गयी. कंपनी के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि अगले तीन माह के भीतर विद्यालय और अस्पताल का जीर्णोद्धार कर सभी आवश्यक सुविधाएं बहाल कर दी जाएंगी. अस्पताल में दो चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है. इसके अलावा ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोलने की बात कही गयी. अंत में अधिकारियों ने विस्थापित गांवों के प्रमुख लोगों की एक समिति गठित करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे समिति से संवाद स्थापित किया जा सके. मौके पर रंजन मरांडी, प्रधान मुर्मू, नाजिर सोरेन, राजू मुर्मू सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >