राज्यपाल से मिला एबीवीपी का प्रतिनिधिमंडल, पाकुड़ के कॉलेजों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मिलकर पाकुड़ के कॉलेजों में सीटों की कटौती, शिक्षकों की कमी और शैक्षणिक समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा.

नगर प्रतिनिधि, पाकुड़

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) झारखंड प्रांत के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी के नेतृत्व में सोमवार को राज्यपाल सह कुलाधिपति से मुलाकात कर राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रदेश सह मंत्री एवं केकेएम कॉलेज के छात्र बमभोला उपाध्याय ने पाकुड़ जिले के महाविद्यालयों, विशेषकर केकेएम कॉलेज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. ज्ञापन में केकेएम कॉलेज सहित जिले के सभी महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की नामांकन सीटों में की गई कटौती पर चिंता जताते हुए पूर्ववत सीटें बहाल करने की मांग की गई. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इससे हजारों ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं. साथ ही विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्रों में विलंब और परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही त्रुटियों का मुद्दा भी उठाया गया.

एबीवीपी ने पाकुड़ में नए छात्रावासों की स्थापना, जनजातीय एवं पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने, जिले में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई शुरू कराने तथा बंद हो चुके विषयों की पढ़ाई पुनः आरंभ करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने पाकुड़ मॉडल कॉलेज, महिला कॉलेज, महेशपुर डिग्री कॉलेज और केकेएम कॉलेज में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए नियमित नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का भी आग्रह किया.

इसके अलावा सिद्धू-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच, बीएड एवं वोकेशनल पाठ्यक्रमों को सरकारी घोषित करने तथा जेपीएससी परीक्षाओं से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठाई गई. राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए छात्रहित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanu kumar dutta

Published by: Amleshnandan Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >