महेशपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 2022 तक हर गरीब परिवार को आवास देने के लक्ष्य के विरुद्ध प्रशासनिक कवायद तेजी से प्रारंभ हो गई है. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत महेशपुर प्रखंड को 3463 का लक्ष्य मिला है.
जिसमें सभी को एमआइएस में पूरा कर लाभुकों का निबंधन करा लिया गया है. जिसमें 2700 आवास निर्माण की स्वीकृति कर एमआइएस इंट्री भी कर ली गयी है. साथ ही साथ महेशपुर प्रखंड कार्यालय से 1924 लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त की राशि भी दी जा चुकी है. शेष लाभुकों को पहली किस्त की राशि भुगतान के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है.
पांच किस्त में मिलेगी 1.20 लाख की राशि
चयनित लाभुकों को पांच किस्त में एक लाख बीस हजार की राशि दी जायेगी. तय योजना के तहत पहली किस्त में 24 हजार, दूसरे किस्त में 30 हजार, तृतीय किस्त में 48 हजार, चौथे किस्त में 12 हजार व पांचवें किस्त में 6 हजार रुपये लाभुक के खाते में दिया जायेगा.
कैसी होगी आवास की बनावट
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए बनने वाले आवास में 25 वर्ग मीटर में दो कमरों का पक्का आवास निर्माण कराया जायेगा. आवास के साथ रसोई घर तथा मनरेगा या स्वच्छ भारत मिशन के साथ शौचालय का निर्माण कराया जायेगा.
90 दिनों में आवास पूरा करने की समय सीमा
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए पूर्व से ही आवास को पूरा करने के लिए 90 दिनों की समय सीमा तय की गयी है. 20 दिनों में लिंटन स्तर तक, 24 दिनों में प्लिंथ स्तर से लिंटन लेवल तक, 10 दिनों में लिंटन लेवल से छत लेवल तक व 28 दिनों में छत लेवल से आवास पूरा होने तक का मानव दिवस सृजन का प्रावधान किया गया है.
