पानी पीने के बहाने घर में घुसा युवक, बुजुर्ग महिला का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश

रांची में एक युवक पानी पीने के बहाने घर में घुसा और अकेली महिला का गला दबाने लगा. महिला की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे, जिन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट

रांची. लालपुर थाना क्षेत्र के न्यू नगड़ा टोली में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है. वीमेंस कॉलेज कौशल कॉलेज के सामने स्थित एक घर में चोरी की नीयत से घुसे युवक ने विरोध करने पर बुजुर्ग महिला का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया. महिला की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे. शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गये और आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.

पानी पीने का बहाना बनाकर घर में घुसा

पकड़े गये युवक ने पूछताछ में अपना नाम मो. मुस्ताक (23) बताया. वह इस्लाम नगर, इमली बाड़ी का रहने वाला है. घटना के संबंध में न्यू नगड़ा टोली निवासी अभय लकड़ा ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. घटना मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे की बतायी गयी है.

पुलिस को दी गयी शिकायत के अनुसार, गणेश पूजा को लेकर आसपास के लोग व्यस्त थे. इसी दौरान अभय की बुजुर्ग मां घर में अकेली थीं. आरोपी सुनसान देखकर चोरी की नीयत से घर में घुसने लगा. बुजुर्ग महिला ने उसे टोका, तो उसने पानी पीने की बात कही. महिला ने उसे पानी पिला दिया.

अकेली महिला का गला दबाने लगा

शिकायत के अनुसार, पानी पीने के बाद आरोपी ने महिला को अकेला पाकर उनका गला दबाना शुरू कर दिया. इसी दौरान कुछ दूरी पर मौजूद बेटे अभय ने मां की 'बचाओ-बचाओ' की आवाज सुनी. वह दौड़कर घर पहुंचे, तो देखा कि एक युवक उनकी मां का गला दबा रहा है.

अभय ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने उन पर भी हमला कर दिया और उनका हाथ मरोड़ दिया. इसके बाद अभय के शोर मचाने पर आसपास के 10-12 लोग मौके पर पहुंच गये. लोगों ने आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vaibhaw vikram

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. क्रिकेट से बहुत लगाव है. वर्तमान में प्रभात खबर के खेल डेस्क पर कंटेंट राइटर पद पर कार्यरत हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >