नये समाहरणालय भवन में विधिवत पूजा के साथ शुरू हुआ कामकाज

नये समाहरणालय भवन में विधिवत पूजा के साथ शुरू हुआ कामकाज

लोहरदगा़ जिला मुख्यालय में नव निर्मित समाहरणालय भवन में विभिन्न सरकारी कार्यालयों का विधिवत स्थानांतरण किया गया. इस मौके पर पूरे परिसर में पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जहां पुजारियों व पाहन ने विधिपूर्वक हवन और पूजा संपन्न करायी. इसके बाद डीसी तथा एसपी ने नये भवन में प्रवेश कर कार्यारंभ किया. अधिकारियों ने इसे जिले के प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि नये समाहरणालय भवन के शुरू होने से सभी विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे आम जनता को विभिन्न सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा. वहीं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय लेने में यह नयी व्यवस्था सहायक सिद्ध होगी. नये भवन में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है. इसमें पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, डिजिटल कार्य प्रणाली, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तथा आम लोगों के लिए सुविधाजनक सेवा केंद्र उपलब्ध कराये गये हैं. पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और सकारात्मक रहा, इससे नये समाहरणालय में कार्य की एक शुभ शुरुआत मानी जा रही है. इस मौके पर जिला व पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >