भंडरा़ प्रखंड क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है. पिकअप के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत : पहली घटना भंडरा-भंवरो मुख्य सड़क पर सोरांडा मोड़ के पास हुई. भंवरो की तरफ जा रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन (जेएच 01डीटी 2209) ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को कुचल दिया. इस हादसे में बाइक सवार नौडीहा गांव निवासी अमर उरांव (18 वर्ष, पिता-विश्राम उरांव) की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, बाइक पर पीछे बैठा अरुण उरांव (17 वर्ष, पिता-लक्ष्मण उरांव) गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने अमर को मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने पथराव कर गाड़ी रोकी, चालक फरार : हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भंवरो की तरफ भागने लगा. भंवरो गांव के ग्रामीणों ने उग्र होकर पथराव करते हुए वाहन को जबरन रुकवाया. ग्रामीणों का गुस्सा देख चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है. दूसरे हादसे में दो घायल : दूसरी घटना भंडरा-बेड़ो सड़क पर नवडीहा मोड़ के पास हुई. यहां बाइक दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
