किस्को. किस्को थाना क्षेत्र के किस्को-रिचुघुट्टा मुख्य मार्ग पर स्टोनी लाइन स्कूल के समीप बुधवार को ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर हो गयी. इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान नवाडीह गांव निवासी सादिक अंसारी और अरमान अंसारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, बॉक्साइट अनलोड कर लोहरदगा से नवाडीह की ओर जा रहे ट्रक (संख्या जेएच06ए 6733) ने विपरीत दिशा से आ रही अपाची बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आयीं. घायलों की पहचान नवाडीह गांव निवासी सादिक अंसारी (पिता गुलाम अंसारी) और अरमान अंसारी (पिता नेयाज अंसारी) के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, किस्को पहुंचाया गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है. आज दहकते अंगारों पर चलेंगे श्रद्धालु, एक मई को लगेगा भव्य मेला
किस्को. शिव मंडा पूजा समिति, तिसिया के तत्वावधान में चार दिवसीय मंडा पूजा का विधि-विधान के साथ शुभारंभ हो गया. अनुष्ठान के पहले चरण में मंगलवार को मंदिर से भगवान शंकर, पार्वती व नंदी की प्रतिमाओं को लाकर पूजा स्थल पर स्थापित किया गया. बुधवार को भी विशेष पूजा-अर्चना की गयी, जिसमें काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. प्रतिदिन रात्रि में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम के अनुसार, 30 अप्रैल की मध्य रात्रि को पारंपरिक फुलकुंदी का आयोजन होगा. इसमें निर्जला उपवास रखने वाले श्रद्धालु धधकती आग (अंगारों) पर चलकर अपनी अटूट आस्था का परिचय देंगे. समापन के दिन, एक मई को विशु झूलन, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य मेले का आयोजन किया जायेगा.
