कुड़ू में आंधी-बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि, सब्जी व आम की फसल बर्बाद

कुड़ू में आंधी-बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि, सब्जी व आम की फसल बर्बाद

कुड़ू़ प्रखंड क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. एक ओर जहां तपती गर्मी से आम लोगों को राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी और ओलों ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. बुधवार दोपहर करीब एक बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गये और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी. इन क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि : प्रखंड के हेंजला, कालीपुर, चंदलासो, कोकर, माराडीह, चेटर, जिलिंग, पंडरा, कुड़ू और बडमारा सहित पश्चिमी क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हुई. आंधी इतनी तेज थी कि बागानों में लगे आम के फल टूटकर गिर गये, जिससे बागवानी करने वाले किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. सब्जी की फसलें हुई नष्ट : ओलावृष्टि के कारण खेतों में लगी टमाटर, मिर्च, बीन्स, कद्दू, फूलगोभी, बंदगोभी आदि फसलों को व्यापक क्षति पहुंची है. किसानों के अनुसार, सबसे अधिक नुकसान टमाटर की फसल को हुआ है, जो बाजार में बिकने के लिए तैयार थी. इसके अलावा ईंट भट्ठा मालिकों को भी बारिश से भारी नुकसान हुआ है. प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगायी है. वज्रपात से वृद्ध महिला की मौत

भंडरा़ वज्रपात से भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गडरपो चेरा टोली निवासी सुमरो उराईन उम्र 65 वर्ष पति चंपा उरांव की मौत हो गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार सोमरो उराईन अपने घर से बकरी चराने के लिए खेत के तरफ जा रही थी. इसी क्रम में दोपहर में हुए वज्रपात से रास्ते में सोमरो की मौत हो गयी. ग्रामीणों ने बताया कि वज्रपात से सुमरो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इस संबंध में पंचायत के मुखिया सुमित उरांव ने बताया कि इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है. शोक संतप्त परिवार को आवश्यक मदद की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >