शहर की संकरी गलियों में सज रहा बाजार, जाम से शहरवासी परेशान

शहर की संकरी गलियों में सज रहा बाजार, जाम से शहरवासी परेशान

लोहरदगा़ लोहरदगा शहरी क्षेत्र की सड़कों और संकरी गलियों में अवैध रूप से लग रहे हाट-बाजार ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर के मुख्य स्थलों पर सड़क जाम कर दुकानें सजने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. सबसे भयावह स्थिति राजेंद्र भवन के सामने स्थित श्री कृष्णा लेन की है, जहां सड़क पर ही बाजार लग जाने से लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है. विडंबना यह है कि प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद राहत मिलने के बजाय नगर परिषद ने यहां दुकानदारों से चुंगी वसूलना शुरू कर दिया है, जिससे सड़क पर बाजार को एक तरह से मौन सहमति मिल गयी है. इमरजेंसी वाहनों को नहीं मिलता रास्ता : स्थानीय निवासी और अधिवक्ता राकेश अखौरी सहित कई लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से गुहार लगायी है कि सड़क से बाजार को किसी निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाये. लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्थिति और भी विकट हो जाती है. एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को रास्ता नहीं मिलता, वहीं बच्चों को स्कूल जाने-आने में दुर्घटना का खतरा बना रहता है. मोहल्ले के लोग अपने घरों तक वाहन नहीं ले जा पा रहे हैं. गंदगी और दुर्घटना का बना रहता है साया : सड़क पर बाजार लगने से न केवल जाम लग रहा है, बल्कि भीषण गंदगी भी फैल रही है. स्थानीय नागरिकों ने बताया कि बाजार खत्म होने के बाद छोड़े गये कचरे से आसपास के वातावरण में दुर्गंध फैलती है. दूसरी ओर, दुकानदारों का भी कहना है कि वे मजबूरी में सड़क पर बैठते हैं. यदि प्रशासन उन्हें कोई स्थायी और सुरक्षित स्थान उपलब्ध करा दे, तो उनका कारोबार भी बेहतर होगा और ग्राहकों को भी सुविधा मिलेगी. प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग : शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात को सुचारू बनाने के लिए जल्द ही हाट-बाजार के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर उन्हें वहां शिफ्ट किया जाये ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके और आम जनता को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >