हत्या, लूट, चोरी व साइबर अपराध जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझायें : एसपी
हत्या, लूट, चोरी व साइबर अपराध जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझायें : एसपी
लोहरदगा़ पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने सोमवार को जिला मुख्यालय में अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक की. इसमें जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्रों में एक्टिव पुलिसिंग सुनिश्चित करें. एसपी ने कहा कि अपराध पर लगाम कसने के लिए नियमित गश्ती, सघन वाहन जांच और संदिग्धों की निगरानी में कोई कोताही न बरतें. बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया. एसपी ने कहा कि हत्या, लूट, चोरी और साइबर अपराध जैसे गंभीर मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझायें. उन्होंने वारंट और कुर्की के मामलों में तेजी लाने का भी निर्देश दिया. शराब तस्करी, अवैध खनन और नक्सल गतिविधियों पर चर्चा करते हुए एसपी ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने खुफिया तंत्र को मजबूत करने और विशेष अभियान चलाकर अवैध धंधों को बंद कराने का टास्क दिया. बैठक में एसडीपीओ वेदांत शंकर, श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की सहित सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे. कुड़ू में जनगणना प्रशिक्षण संपन्न, 16 से शुरू होगा मकान सूचीकरण
कुड़ू. प्रखंड में जनगणना कार्य को लेकर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का पांच चरणों का प्रशिक्षण सोमवार को संपन्न हो गया. प्रशिक्षक विवेक कुमार, मनोज कुमार और लक्की अर्बन लकड़ा ने बताया कि 16 मई से प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और गणना का कार्य शुरू होगा. प्रशिक्षण में शिक्षकों को मकानों की नंबरिंग और सूची तैयार करने की बारीकियां बतायी गयीं. वहीं, 15 मई तक स्व-जनगणना का कार्य होगा. दूसरे चरण में जनसंख्या की वास्तविक गिनती की जायेगी. प्रशासन ने सभी प्रगणकों को पूरी शुद्धता के साथ डेटा संकलित करने का निर्देश दिया है. मौके पर काफी संख्या में शिक्षक व कर्मी उपस्थित थे.