नदिया उत्कृष्ट विद्यालय में बनेगा बुक बैंक, कोचिंग सेंटर जून में होगा हैंडओवर

नदिया उत्कृष्ट विद्यालय में बनेगा बुक बैंक, कोचिंग सेंटर जून में होगा हैंडओवर

लोहरदगा़ उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने सोमवार को सदर प्रखंड में विभिन्न विकास योजनाओं का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (नदिया) में नवनिर्मित पुस्तकालय, निर्माणाधीन कोचिंग सेंटर और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. लाइब्रेरी में सिविल सर्विस की किताबों पर जोर : उपायुक्त ने नवनिर्मित पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान रीडिंग रूम की क्षमता और फर्नीचर का अवलोकन किया. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) को निर्देश दिया कि पुस्तकालय में सामान्य ज्ञान के साथ-साथ सिविल सर्विस, जेइइ, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मानक पुस्तकों व पत्रिकाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करें. डीसी ने स्वैच्छिक पुस्तक दान अभियान चलाकर एक बड़ा बुक बैंक बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा. साथ ही, उन्होंने पुस्तकालय संचालन समिति की बैठक बुलाकर इसे जल्द आमजनों के लिए खोलने का निर्देश दिया. जेइइ-नीट कोचिंग सेंटर का कार्य जल्द पूरा करें : डीसी ने जिला परिषद भवन के समीप निर्माणाधीन जेइइ तथा नीट कोचिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण एजेंसी (लघु सिंचाई विभाग) को सख्त निर्देश दिया कि जून माह तक भवन को हैंडओवर करें. परिसर में जल निकासी के लिए सोख्ता गड्ढा बनाने, पेवर ब्लॉक लगाने और जलजमाव की समस्या दूर करने का निर्देश दिया. कंप्यूटर केंद्र में विद्यार्थियों से किया संवाद : डीसी ने पुराना डीआरडीए भवन स्थित एपीजे अब्दुल कलाम कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का भी जायजा लिया. उन्होंने विद्यार्थियों से उनके अनुभव पूछे और प्रशिक्षक से कोर्स की अवधि व नामांकन प्रक्रिया की जानकारी ली. मौके पर आइटीडीए निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, डीइओ दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, डीपीआरओ शिवनंदन बड़ाईक, बीडीओ गौरी शंकर शर्मा, विधायक प्रतिनिधि अजहर इकबाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे. हिंडालको को निर्देश : डीसी ने पुस्तकालय परिसर में हिंडालको के सीएसआर मद से हो रहे शौचालय जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया और प्रतिनिधि को जल्द कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. वहीं, पुराने पुस्तकालय में पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >