लोहरदगा़ जिला परिषद सभागार में आवास से वंचित परिवारों के लिए आवास प्लस 2.0 के तहत प्राथमिकता सूची निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी. इसके माध्यम से सभी मुखिया को नियमानुसार ग्रामसभा आयोजित कर प्राथमिकता सूची का अनुमोदन कराने की जानकारी दी गयी. वर्ष 2024 में जिले के 3,02,440 परिवारों का नाम प्राथमिकता सूची में शामिल करने को लेकर ग्रामसभा को भेजा गया है. प्रखंड स्तर से निर्धारित तिथियों पर ग्रामीण उपस्थित होकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं. इस प्रक्रिया के बाद ही केंद्र सरकार से प्रधानमंत्री आवास का लक्ष्य प्राप्त हो सकेगा. अपात्रों को नहीं मिलेगा लाभ : डीडीसी राज महेश्वरम ने जिला परिषद सदस्यों, प्रमुखों और मुखिया को आवास आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन्हें पूर्व में आवास मिल चुका है, जिनके पास पक्का मकान, चार पहिया वाहन, पांच एकड़ से अधिक भूमि, सरकारी नौकरी है या जो आयकर/ व्यावसायिक कर दाता हैं, उन्हें लाभ नहीं दिया जायेगा. जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने निष्पक्ष होकर सूची निर्माण का निर्देश दिया. जिला समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने प्रेजेंटेशन के जरिये ग्रामसभा की प्रक्रिया समझायी. मौके पर जिप सदस्य संदीप गुप्ता, प्रशिक्षण समन्वयक विजेंद्र कुमार, लेखापाल पूजा कुमारी, प्रखंड समन्वयक राजेश गुप्ता, एलेक्सिस टोपनो, दिनेश कुमार, संदीप खाखा सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.
ग्रामसभा के माध्यम से होगा लाभुकों की सूची का अनुमोदन
ग्रामसभा के माध्यम से होगा लाभुकों की सूची का अनुमोदन
