लोहरदगा. लोहरदगा शिक्षा परियोजना के अंतर्गत व्यावसायिक शिक्षा से संबंधित जिला स्तरीय स्किल प्रतियोगिता सोमवार को सीएमएसओई नदिया प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित हुई. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी प्लस टू विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय, लोहरदगा के विद्यार्थियों ने तीनों व्यावसायिक विधाओं में बेहतर प्रदर्शन किया.
विद्यालय के विद्यार्थियों ने टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी में प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं मीडिया एंड एंटरटेनमेंट तथा आइटी एंड आइटीइएस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया. विद्यार्थियों के प्रदर्शन से विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों में उत्साह है.
हुनर को लगातार बेहतर बनाने की जरूरत
मुख्य अतिथि उपविकास आयुक्त ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अपने हुनर को लगातार बेहतर बनाने की जरूरत है. उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए.
व्यावहारिक कौशल भी जरूरी
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि बदलती दुनिया में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है. विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में व्यावहारिक कौशल की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है.
प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी. उन्होंने व्यावसायिक प्रशिक्षकों नाहिद नूर हसन (मीडिया), चंचल कुमारी (आइटी) और हनी मेहरा (टूरिज्म) सहित सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं.
