कुड़ू़ लोहरदगा पुलिस द्वारा कुड़ू थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं. एसपी ने इन मामलों पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये. एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि आपसी जमीन विवाद में अनावश्यक दखलंदाजी नहीं करें. जमीन से संबंधित मामले को अंचल कार्यालय में भेजें. अनावश्यक जमीन विवाद में दखलंदाजी करने वाले थाना प्रभारी को निलंबित किया जायेगा. थाना में अपनी समस्या लेकर आने वाले आमजनों के साथ पुलिस दोस्ताना व्यवहार करे व मामले पर त्वरित कार्रवाई करे. आवास निर्माण में बाधा और मारपीट का मामला : जोंजरो नामनगर निवासी प्यारी टोप्पो ने आवेदन देकर बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने मकान का निर्माण करा रही हैं. लेकिन उनके गोतिया जबरन विवाद कर रहे हैं और उनके साथ मारपीट कर मकान बनाने से रोक रहे हैं. इस पर एसपी ने थाना प्रभारी को दो दिनों के भीतर मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया. जमीन पर अवैध कब्जा और जान से मारने की धमकी : कुड़ू निवासी ब्रजकिशोर प्रसाद ने शिकायत दर्ज करायी कि कुछ ग्रामीणों ने उनकी रैयती भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है. विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है. एसपी ने सीओ और थाना प्रभारी को तत्काल संयुक्त रूप से मामले की जांच कर न्यायसंगत समाधान करने को कहा. बेटे पर जमीन हड़पने और जहर देने के प्रयास का आरोप : जिलिंग गांव निवासी बुजुर्ग चनु महतो ने अपने ही पुत्र पर बेहद गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने कहा कि उनका बेटा उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करना चाहता है और उन्हें जहर देकर जान से मारने का प्रयास भी कर चुका है. बुजुर्ग ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगायी, इस पर एसपी ने थाना प्रभारी को तुरंत सनहा दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया. पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी और भरण-पोषण की समस्या : जिलिंग गांव की ही अमृता कुमारी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि उसके पति प्रहलाद प्रजापति ने पहली पत्नी के रहते हुए उससे दूसरी शादी की थी. अब उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका लालन-पालन करने में काफी परेशानी हो रही है और पति उन्हें खर्च भी नहीं दे रहा है. एसपी ने थाना प्रभारी को मामले की गहराई से जांच कर दोषी पति पर कानूनी कार्रवाई करने और महिला को इंसाफ दिलाने का निर्देश दिया. सेना बहाली में आचरण प्रमाण पत्र की बाधा : टाटी गांव के दो युवाओं, सोनू गोप और अखिलेश मांझी ने एसपी को बताया कि उनके ऊपर शांति भंग करने का एक मामला दर्ज है, जिसके कारण सेना बहाली में शामिल होने के लिए उनका आचरण प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है. उन्होंने दावा किया कि वे इस विवाद से पूरी तरह दूर हैं. एसपी ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया. इसके अलावा, उडुमुड़ू गांव के ग्रामीणों ने भी चार महीने पहले दो पक्षों में हुई झड़प के बाद बेगुनाह लोगों पर दर्ज किये गये मुकदमों की दोबारा जांच करने की मांग की. लाल गुड्डू नाथ शाहदेव ने पीसीआर का फेरा बढ़ाने, थाना में आने वाले मामले की जांच के बाद मामला दर्ज करने व आवेदन पर रिसिविंग देने की मांग की़ मौके पर एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, सीओ संतोष उरांव, थाना प्रभारी अजीत कुमार, मुरारी कुमार, सीआइ सोहन सिंह मुंडा, कर्मचारी विकास सोनी, अनूप उरांव, सीताराम उरांव, राहुल कुमार सिंह प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी उपप्रमुख ऐनुल अंसारी, संजु तुरी मुखिया ललिता उरांव, सुषमा देवी, मुमताज पवरियां कुड़ू थाना के पुलिसकर्मी आदि मौजूद थे़
जमीन विवाद में दखल देने वाले थाना प्रभारी होंगे निलंबित : एसपी
जमीन विवाद में दखल देने वाले थाना प्रभारी होंगे निलंबित : एसपी
