दहेज मुक्त विवाह और सामाजिक उत्थान का लिया संकल्प, जल्द होगा राष्ट्रीय महासम्मेलन

दहेज मुक्त विवाह और सामाजिक उत्थान का लिया संकल्प, जल्द होगा राष्ट्रीय महासम्मेलन

लोहरदगा़ जिला मुख्यालय के स्व राय साहब बलदेव साहू-शिव प्रसाद साहू स्मृति भवन में रविवार को अखिल भारतीय सूंड़ी शौण्डिक वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यदल की भव्य बैठक आयोजित की गयी. इसमें भारत के विभिन्न राज्यों सहित नेपाल के करीब 200 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के पुरोधा स्व. राय साहब बलदेव साहू एवं स्व. शिव प्रसाद साहू की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ. तत्पश्चात मुख्य अतिथि उदय शंकर प्रसाद साहू, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, बिहार के ओबरा विधायक प्रकाश चंद्र, राष्ट्रीय संयोजक शिवरतन प्रसाद गुप्ता व अन्य अतिथियों ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया. गुटबाजी त्याग कर एक छात के नीचे आयें : उदय शंकर : बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उदय शंकर प्रसाद साहू ने समाज की मजबूती पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि हम निजी स्वार्थ और मनभेद को मिटाकर एक सशक्त राष्ट्र स्तरीय संगठन के बैनर तले एकजुट हों. गुटबाजी छोड़कर एक छात के नीचे आने से ही समाज को वास्तविक सफलता और पहचान मिलेगी. दहेज मुक्त विवाह और महासम्मेलन का संकल्प : अध्यक्षता करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सामाजिक कुरीतियों पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया कि वे अपने बच्चों का विवाह बिना दहेज के करें. उन्होंने समाज के संपन्न लोगों से गरीब कन्याओं के लिए सामूहिक विवाह आयोजित करने की अपील की. श्री साहू ने घोषणा की कि बहुत जल्द सूंड़ी शौण्डिक वैश्य समाज का एक ऐतिहासिक महासम्मेलन होगा, जिसमें देशभर के लाखों लोग जुटेंगे. नये संगठन का गठन और सामाजिक उत्थान की शपथ : बैठक में सर्वसम्मति से अखिल भारतीय सूंड़ी शौण्डिक वैश्य महासंघ के गठन का निर्णय लिया गया और शिवरतन प्रसाद गुप्ता को इसका राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया. कार्यदल ने धर्मशाला व अस्पताल निर्माण, शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना, मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और दहेज उन्मूलन जैसे सामाजिक कार्यों पर सकारात्मक पहल करने का प्रण लिया. देशभर से पहुंचे प्रतिनिधि : इस महत्वपूर्ण बैठक में आंध्र प्रदेश से आर काशिराव चौधरी, नेपाल से रामुदार महासेठ, ओडिशा से विक्रम साहू, तेलंगाना से मुरली रत्नाला, उत्तर प्रदेश से संजय सरस्वती, मुंबई से रमेश राउत और दिल्ली से रंजन प्रसाद समेत कई दिग्गज शामिल हुए. कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र साहू और प्रबंधन जिलाध्यक्ष रितेश कुमार ने किया. रितेश कुमार ने सार्वजनिक रूप से अपने बच्चों का विवाह दहेज मुक्त करने की घोषणा कर मिसाल पेश की. मौके पर डॉ अशोक प्रसाद, सुनील साहू, सनत मंडल सहित काफी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >