लोहरदगा़ उपायुक्त संदीप कुमार मीणा की अध्यक्षता में जिला विद्युत समिति की बैठक हुई. इसमें विद्युत विभाग की दो प्रमुख योजनाओं मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना एवं संशोधित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) की विस्तृत समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन टोलों में अब तक बिजली नहीं पहुंची है और वहां पहुंच पथ उपलब्ध है, तो जुलाई माह तक विद्युतीकरण का कार्य हर हाल में पूर्ण करायें. वहीं, जिन सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पहुंच पथ नहीं है, वहां विशेष प्रकार के पोल एवं अन्य तकनीकी विकल्पों के माध्यम से कार्य कराने को लेकर विभागीय स्तर पर अनुमति लेकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. उपायुक्त ने नये चिह्नित गांवों व टोलों का भौतिक सत्यापन कर वहां विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले का कोई भी परिवार इस मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे. खराब ट्रांसफार्मर जल्द बदलने के निर्देश : बैठक में आरडीएसएस योजना के तहत स्मार्ट मीटर लगाने की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की किसी भी शिकायत का त्वरित समाधान हो. ट्रांसफार्मर खराब होने या बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई की जाये ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानी न हो. इसके लिए शिकायतों के निष्पादन की नियमित निगरानी करने को कहा गया. मौके पर विभागीय पदाधिकारियों द्वारा योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी, जिस पर उपायुक्त ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिये. बैठक में विद्युत प्रमंडल लोहरदगा के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद साबिर अंसारी, सहायक अभियंता जीशान अहमद, अजु कच्छप एवं नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
जुलाई तक हर टोले में बिजली पहुंचायें : संदीप कुमार मीणा
जुलाई तक हर टोले में बिजली पहुंचायें : संदीप कुमार मीणा
